
क्रिकेट के महाकुंभ वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बड़ा ऐलान कर दिया है। लंबे समय से चल रही मीडिया अटकलों पर विराम लगाते हुए ICC ने स्पष्ट किया है कि अगला विश्व कप 14 टीमों के साथ ही खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट का फॉर्मेट एकदम अनोखा और रोमांचक होने वाला है, जिसे तीन अलग-अलग राउंड में विभाजित किया गया है।
एडिनबर्ग में हुई ICC की एनुअल जनरल मीटिंग में यह फैसला लिया गया कि साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे की संयुक्त मेजबानी में होने वाला यह विश्व कप अक्टूबर-नवंबर 2027 में आयोजित होगा। इस टूर्नामेंट में ‘सुपर सीरीज’ और ‘सुपर-7’ जैसे नए कॉन्सेप्ट्स को शामिल किया गया है, जो दर्शकों का रोमांच दोगुना कर देंगे।
क्या है नया फॉर्मेट?
पहले राउंड में 11वीं, 12वीं और 13वीं रैंक वाली टीमें आपस में एक ‘सुपर सीरीज’ खेलेंगी, जिसमें टॉप रहने वाली टीम दूसरे राउंड में प्रवेश करेगी। दूसरे राउंड में कुल 12 टीमें होंगी, जिन्हें दो ग्रुपों में बांटा जाएगा। इन ग्रुप्स से टॉप-3 टीमें ‘सुपर-7’ यानी तीसरे राउंड के लिए क्वालीफाई करेंगी। अंतिम राउंड (सुपर-7) में 7 टीमें आपस में राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में भिड़ेंगी और अंक तालिका की टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल का टिकट हासिल करेंगी।
टी20 वर्ल्ड कप 2028 में भी बदलाव
ICC ने सिर्फ वनडे वर्ल्ड कप ही नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2028 में भी अहम बदलाव किए हैं। टूर्नामेंट में 20 टीमें बरकरार रहेंगी, लेकिन अब ‘सुपर-8’ की जगह ‘सुपर-10’ फॉर्मेट अपनाया जाएगा। इससे दूसरे राउंड में और अधिक कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
क्रिकेट फैंस के लिए यह बदलाव यकीनन बड़े तोहफे की तरह हैं, क्योंकि अब हर मैच में टूर्नामेंट के समीकरण तेजी से बदलेंगे, जिससे रोमांच अपने चरम पर होगा।









