
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के चिलकाना थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सुबह अपने घरों से स्कूल के लिए निकलीं दो छात्राएं स्कूल पहुंचने के बजाय एक युवक के घर जा पहुंचीं। इस बात की भनक जब परिजनों को लगी तो वे तुरंत मौके पर पहुंच गए। अचानक परिजनों को सामने देखकर दोनों छात्राएं घबरा गईं और बदहवास होकर उन्होंने एक कमरे में दुपट्टे से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
इस खौफनाक कदम से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक एक छात्रा की फंदे पर लटकने से दर्दनाक मौत हो चुकी थी। वहीं, गनीमत यह रही कि दूसरी छात्रा का फंदा बीच में ही टूट गया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद से जिस युवक के घर यह मामला सामने आया है, वह मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति बनी थी जिसके कारण दोनों छात्राओं को इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।









