
कोलंबो में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान अनुशासनहीनता को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मुकाबले में श्रीलंकाई स्पिनर प्रभात जयसूर्या आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन के दोषी पाए गए हैं। जयसूर्या इस टेस्ट मैच में आईसीसी के नियमों के तहत सजा पाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिता फर्नांडो पर कार्रवाई हो चुकी है।
यह घटना मैच के दूसरे दिन घटी जब प्रभात जयसूर्या बल्लेबाजी कर रहे थे। दिन की आखिरी गेंद पर भारतीय स्पिनर मानव सुथार की गेंद पर आउट होने के बाद जयसूर्या अपना आपा खो बैठे और उन्होंने अपना बल्ला जोर से जमीन पर दे मारा। मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने इसे आईसीसी के अनुच्छेद 2.2 (क्रिकेट उपकरणों का दुरुपयोग) का उल्लंघन माना। जयसूर्या ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उनके खाते में 1 डिमेरिट प्वाइंट जोड़ दिया गया है। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला डिमेरिट प्वाइंट है।
इससे पहले मैच के पहले दिन मैदान पर आपस में भिड़ने के कारण यशस्वी जायसवाल और असिता फर्नांडो पर कार्रवाई की गई थी। दोनों खिलाड़ियों के बीच मैदान पर तीखी बहस और तनाव देखने को मिला था, जिसके बाद आईसीसी ने दोनों पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया था। एक ही टेस्ट मैच में तीन खिलाड़ियों पर आईसीसी का हंटर चलना काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।









