
भारतीय क्रिकेट टीम का अगस्त में प्रस्तावित श्रीलंका दौरा अब चर्चा का विषय बन गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के आयोजन पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस सीरीज के रद्द होने की संभावना काफी बढ़ गई है।
अगस्त में होना है श्रीलंका दौरा
भारतीय टीम को अगस्त में श्रीलंका का दौरा करना है, जहां पहले दो टेस्ट मैच और उसके बाद तीन टी20 मुकाबले प्रस्तावित हैं। टेस्ट सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा है, जबकि टी20 सीरीज के आयोजन को लेकर अब संशय की स्थिति बनी हुई है।
BCCI और श्रीलंका बोर्ड के बीच हुई चर्चा
रिपोर्ट्स के अनुसार, टी20 सीरीज को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के बीच लंबे समय तक बातचीत हुई। हालांकि फिलहाल ऐसी संभावना जताई जा रही है कि तीन मैचों की टी20 सीरीज का आयोजन नहीं हो पाएगा।
व्यस्त कार्यक्रम भी बना वजह
भारतीय टीम का आगामी कार्यक्रम काफी व्यस्त है। जुलाई में टीम इंडिया को जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। इसके बाद अगस्त में श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मुकाबले भी खेले जाने हैं, जिससे कार्यक्रम और अधिक व्यस्त हो गया है।
राहत कार्य के लिए थी खास योजना
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले वर्ष श्रीलंका में आए भीषण दितवाह तूफान के बाद बीसीसीआई और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने योजना बनाई थी कि प्रस्तावित टी20 सीरीज से होने वाली आय का उपयोग प्रभावित लोगों की सहायता के लिए किया जाएगा। हालांकि अब ताजा जानकारी के अनुसार इस सीरीज के आयोजन की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।
आधिकारिक घोषणा का इंतजार
फिलहाल टी20 सीरीज को लेकर किसी भी बोर्ड की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजर दोनों क्रिकेट बोर्डों के अगले फैसले पर टिकी हुई है।









