भारत-ब्रिटेन FTA आज से लागू, स्कॉच-व्हिस्की 110% तक सस्ती, जानिए किन-किन चीजों के दामों में आएगी भारी गिरावट?

लखनऊ। 15 जुलाई 2026 का दिन भारत और ब्रिटेन के व्यापारिक संबंधों में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बन गया। दोनों देशों के बीच बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौता (FTA) आज से आधिकारिक रूप से लागू हो गया है, जिसके तहत आयात और निर्यात पर लगने वाले भारी-भरकम शुल्क में बड़ी कटौती की गई है। इस ऐतिहासिक डील के प्रभावी होते ही ब्रिटेन से भारत आने वाले कई महंगे विदेशी उत्पाद अब आम लोगों की पहुंच में होंगे।

स्कॉच और व्हिस्की के शौकीनों के लिए खुशखबरी

विदेश व्यापार महानिदेशालय के अनुसार, इस समझौते का सबसे बड़ा फायदा ब्रिटिश स्कॉच और व्हिस्की इंडस्ट्री को मिलेगा, लेकिन इसका सीधा लाभ भारतीय उपभोक्ताओं को भी होगा। अभी तक आयातित स्कॉच व्हिस्की पर 150 प्रतिशत तक का भारी टैरिफ लगता था, जिसे FTA के तहत कई चरणों में घटाकर महज 40 प्रतिशत तक लाया जाएगा। इसका मतलब है कि आने वाले समय में भारत में स्कॉच और व्हिस्की की कीमतों में 110 प्रतिशत तक की बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी।

ब्रिटेन की लग्जरी कारें अब होंगी सस्ती

इस ऐतिहासिक डील के तहत देश के ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी बड़ा बदलाव आने वाला है। कोटा व्यवस्था के जरिए लग्जरी कारों पर लगने वाले टैरिफ को 100 प्रतिशत से घटाकर चरणबद्ध तरीके से 10 प्रतिशत तक लाया जाएगा। इससे ब्रिटेन की जगुआर, लैंड रोवर, एस्टन मार्टिन, रोल्स रॉयस और डिफेंडर जैसी प्रीमियम कारें भारतीय बाजार में काफी कम कीमत पर उपलब्ध होंगी। पहले साल में कम ड्यूटी पर कुल 20,000 कारों का आयात किया जा सकेगा, जिसमें 3000cc से अधिक पेट्रोल और 2500cc से अधिक डीजल इंजन वाली 10,000 कारों पर कस्टम ड्यूटी 110 प्रतिशत से घटकर 30 प्रतिशत रह जाएगी, जबकि 1500cc से 3000cc के बीच की 5,000 कारों पर ड्यूटी 66 प्रतिशत से कम होकर 50 प्रतिशत हो जाएगी। अगले 15 वर्षों में इसे घटाकर 10 प्रतिशत के स्तर पर लाया जाएगा।

ब्यूटी और अन्य उत्पादों पर भी मिलेगी राहत

कारों और शराब के अलावा, ब्रिटेन से आने वाले कॉस्मेटिक्स, ब्यूटी प्रोडक्ट्स और अन्य उपभोक्ता सामानों की कीमतों में भी नरमी आएगी। फिलहाल इन उत्पादों पर 22 प्रतिशत तक का आयात शुल्क लगता है, जिसे या तो तत्काल प्रभाव से हटा दिया जाएगा या फिर 10 साल की अवधि में धीरे-धीरे शून्य कर दिया जाएगा।

ब्रिटेन के बाजार में भारतीय सामानों का दबदबा

यह डील केवल ब्रिटेन के लिए ही नहीं, बल्कि भारतीय निर्यातकों के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है। FTA लागू होने से भारत के 99 प्रतिशत उत्पादों को ब्रिटेन के बाजार में शून्य शुल्क पर एंट्री मिलेगी। पहले जहां टेक्सटाइल और कपड़ों पर 12 प्रतिशत, बेस मेटल्स पर 10 प्रतिशत और केमिकल्स पर 8 प्रतिशत की कस्टम ड्यूटी चुकानी पड़ती थी, वहीं अब भारत के कपड़े, जूते और कई तरह के खाद्य उत्पाद ब्रिटेन में आसानी से और किफायती दामों पर बेचे जा सकेंगे।

दोनों अर्थव्यवस्थाओं को मिलेगी रफ्तार

ब्रिटिश सरकार के अनुमान के मुताबिक, भारत के साथ इस FTA के चलते ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था में 4.8 अरब पाउंड का इजाफा होगा, जबकि वहां के लोगों के वास्तविक वेतन में करीब 2.2 अरब पाउंड की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। ब्रिटेन सरकार इसे भारत द्वारा अब तक लागू किया गया सबसे बड़ा और व्यापक व्यापार समझौता बता रही है।

Related Articles

Back to top button