
डेस्क : भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने जापान के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले में 2 रन से जीत दर्ज की। बारिश के कारण मैच को घटाकर 5-5 ओवर प्रति पारी कर दिया गया था। उम्मीद थी कि छोटे फॉर्मेट में भारतीय बल्लेबाज तेजी से रन बनाएंगे, लेकिन गीली आउटफील्ड और धीमी पिच ने बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दीं।
बता दे कि टॉस जीतकर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम निर्धारित 5 ओवर में 5 विकेट गंवाकर सिर्फ 32 रन ही बना सकी। जापान ने भी लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को कड़ी चुनौती दी और एक समय मुकाबला बेहद रोमांचक स्थिति में पहुंच गया।
जापान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 8 रन की जरूरत थी। गेंदबाजी की जिम्मेदारी अक्षर पटेल ने संभाली और उन्होंने जापानी बल्लेबाजों को जरूरी रन बनाने से रोक दिया। जापान की टीम 3 विकेट के नुकसान पर 30 रन तक ही पहुंच सकी और भारत ने मुकाबला 2 रन से अपने नाम कर लिया।
इस मैच की सबसे खास बात यह रही कि पूरे मुकाबले में एक भी छक्का नहीं लगा। भारतीय टीम में अभिषेक शर्मा से लेकर वॉशिंगटन सुंदर तक कई बड़े शॉट खेलने वाले बल्लेबाज मौजूद थे, लेकिन कोई भी खिलाड़ी गेंद को बाउंड्री के पार छक्के के लिए नहीं भेज सका। जापान की ओर से भी कोई छक्का नहीं लगा। दोनों टीमों ने पूरे मैच में केवल 2-2 चौके लगाए। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में धीमी विकेट और कम ओवरों के कारण बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं मिला। आखिरकार भारतीय टीम ने बेहद करीबी मुकाबले में जापान को 2 रन से मात देकर जीत हासिल की।









