देश में फिर बढ़ी महंगाई, जुलाई में खुदरा महंगाई दर पहुंची 4.45%… जानें क्या है इसका आम आदमी पर असर…

जुलाई महीने में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.45% हो गई है। खाने-पीने की चीजें महंगी होने से यह लगातार सातवें महीने बढ़ी है और RBI के लक्ष्य से ऊपर है।

देश में आम आदमी की जेब पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। बुद्धवार, 12 अगस्त को जारी किए गए नए आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई महीने में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.45% पर पहुंच गई है। इससे पहले जून महीने में यह 4.38% दर्ज की गई थी। खास बात यह है कि खुदरा महंगाई में लगातार सातवें महीने तेजी देखने को मिली है, जिसका मुख्य कारण आलू, प्याज और अन्य खाने-पीने की जरूरी चीजों के दामों में इजाफा होना है।

भारतीय रिजर्व बैंक ने खुदरा महंगाई दर का लक्ष्य 4% तय किया है। यह लगातार दूसरा महीना है जब महंगाई दर आरबीआई के तय ‘कम्फर्ट जोन’ (4% के लक्ष्य) से ऊपर बनी हुई है। अर्थशास्त्रियों के अनुसार, महंगाई का यह बढ़ना मुख्य रूप से मांग और आपूर्ति के असंतुलन पर निर्भर करता है। आंकड़ों के हिसाब से समझें तो, यदि पिछले साल जुलाई में किसी वस्तु की कीमत 100 रुपये थी, तो इस साल वह बढ़कर औसतन 104.45 रुपये हो गई है।

खाने-पीने की वस्तुओं के लगातार महंगे होने से आम आदमी के घरेलू बजट पर खासा असर पड़ रहा है। आने वाले दिनों में सब्जियों और खाद्य पदार्थों की कीमतों में उतार-चढ़ाव इस बात पर निर्भर करेगा कि बाजार में उनकी सप्लाई कैसी रहती है।

Related Articles

Back to top button