
आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाले मुकाबले से पहले दिल्ली के बॉलिंग कोच मुनाफ पटेल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि टी20 क्रिकेट में भले ही बल्लेबाज मैच जिताते हों, लेकिन टूर्नामेंट जीतने के लिए गेंदबाजी सबसे अहम भूमिका निभाती है।
मुनाफ पटेल ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आज के दौर में टी20 मुकाबले काफी हाई-स्कोरिंग हो गए हैं, जहां 200 से ऊपर के स्कोर आम हो गए हैं। ऐसे में अगर गेंदबाज अनुशासित प्रदर्शन करें, तो टीम को पूरे टूर्नामेंट में बढ़त मिल सकती है। उन्होंने कहा कि एक-दो मैच बल्लेबाज जिता सकते हैं, लेकिन खिताब जीतने के लिए गेंदबाजों का लगातार अच्छा प्रदर्शन जरूरी होता है।
इस दौरान उन्होंने टीम के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की फिटनेस पर भी अपडेट दिया। पटेल ने बताया कि स्टार्क अब पूरी तरह फिट हैं और राजस्थान के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। हालांकि अंतिम प्लेइंग इलेवन का फैसला मैच से ठीक पहले लिया जाएगा।
स्टार्क पिछले कुछ समय से चोट के कारण टीम से बाहर थे। ऑस्ट्रेलिया के लिए एशेज सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने काफी वर्कलोड झेला था। इसी दौरान उन्हें कंधे और कोहनी में चोट लगी, जिसके चलते उन्हें आराम लेना पड़ा। अब उनकी वापसी से दिल्ली की गेंदबाजी और मजबूत होने की उम्मीद है।
टीम प्रबंधन का मानना है कि स्टार्क की मौजूदगी से पावरप्ले में संघर्ष कर रहे गेंदबाजों को राहत मिलेगी और विपक्षी टीम पर दबाव बनाने में मदद मिलेगी।









