
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डरबन में खेले गए पहले महिला T20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने भारतीय पुरुष टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ते हुए भारत की T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं।
मैच से पहले स्मृति मंधाना और रोहित शर्मा दोनों के नाम 4,231-4,231 रन थे, लेकिन इस मुकाबले में 14 गेंदों पर 13 रन बनाते ही मंधाना ने यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अब उनके कुल 4,244 रन हो गए हैं।
स्मृति मंधाना ने अब तक 155 पारियों (161 मैचों) में 30.31 की औसत और 124.38 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। उनके नाम 1 शतक और 33 अर्धशतक दर्ज हैं, जो उन्हें भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक बनाता है।
इस उपलब्धि के साथ स्मृति मंधाना महिला T20I क्रिकेट में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (Suzie Bates) के नाम है, जिन्होंने 4,717 रन बनाए हैं।
वहीं पुरुष T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम हैं, जिन्होंने 4,596 रन बनाए हैं।
दूसरी ओर, भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए इस मैच में भारतीय टीम को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 157/7 का स्कोर बनाया, जिसमें हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 47, शेफाली वर्मा ने 34 और जेमिमा रोड्रिग्स ने 36 रन बनाए।
हालांकि, अंतिम ओवरों में धीमी बल्लेबाजी टीम इंडिया पर भारी पड़ी। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 158 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। कप्तान लौरा वोलवार्ट ने 51 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि एनेरी डर्कसन 44 रन बनाकर नाबाद रहीं।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से गेंदबाजी में अयाबोंगा खाका ने 3 विकेट झटके, जबकि तुनी सेखुखुने ने 2 और नोनकुलुलेको मलाबा ने 1 विकेट लिया।
अब दोनों टीमों के बीच अगला मुकाबला रविवार को डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में खेला जाएगा।









