
खेल डेस्क : आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को हराकर क्वालीफायर-2 में जगह बना ली है। इस जीत के नायक रहे राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने महज 29 गेंदों में 97 रनों की तूफानी पारी खेलकर अकेले दम पर हैदराबाद की उम्मीदों को ध्वस्त कर दिया। इस हार के साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
क्रिस गेल का ऐतिहासिक रिकॉर्ड ध्वस्त
प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस पारी में 5 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के जड़े। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा 65 छक्के लगाने के मामले में वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा उन्होंने एक सीजन के अन्य रिकॉर्ड्स में आंद्रे रसेल और डेविड वार्नर को भी पीछे छोड़ दिया।
ट्रॉफी पर है नजर, शतक तो बनते रहेंगे: सूर्यवंशी
मैच के बाद सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी की रणनीति साझा करते हुए कहा, “मेरा ध्यान सिर्फ टीम के लिए योगदान देने पर था। शतक तो आगे भी बनते रहेंगे, लेकिन इस समय हमारा पूरा फोकस आईपीएल ट्रॉफी जीतने पर है।” उन्होंने कहा कि वह विपक्षी गेंदबाजों की योजना के बजाय अपने खेल, बाउंड्री के आकार और सकारात्मक इरादे पर ध्यान केंद्रित करते हैं, जिससे गेंदबाज दबाव में आ जाते हैं।
ऐसा रहा मैच का रोमांच
मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी (97 रन) और ध्रुव जुरेल (21 गेंदों में 50 रन) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 20 ओवर में 8 विकेट पर 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
जवाब में 244 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम पावरप्ले में ही 57 रन पर 4 विकेट गंवाकर संकट में आ गई। ईशान किशन ने 11 गेंदों में 33 रनों की तेज पारी खेलकर जवाबी हमला करने की कोशिश की, लेकिन जोफ्रा आर्चर (3/58) और नांद्रे बर्गर (2/26) की घातक गेंदबाजी के सामने टीम बिखर गई। मध्यक्रम में नीतीश कुमार रेड्डी (38 रन) और सलिल अरोड़ा (35 रन) ने छठे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी कर संघर्ष किया, लेकिन रवींद्र जडेजा (2/21) ने दोनों को आउट कर हैदराबाद की बची-खुची उम्मीदें खत्म कर दीं। पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रनों पर सिमट गई।
अब शुक्रवार को क्वालीफायर-2 मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स का सामना गुजरात टाइटन्स (GT) से होगा। इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से भिड़ेगी।









