
IPL 2026 : कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपनी शानदार लय को बरकरार रखते हुए मुंबई इंडियंस (MI) को चार विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही केकेआर ने आईपीएल पॉइंट्स टेबल में छलांग लगाते हुए प्लेऑफ (Playoffs) की रेस में खुद को मजबूती से बनाए रखा है। तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स अब एक और जीत के साथ प्लेऑफ का टिकट पक्का करने के बेहद करीब पहुंच जाएगी, जो अन्य टीमों के नतीजों पर भी निर्भर करेगा।
गेंदबाजों के बाद मनीष-रोवमैन का कमाल
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए KKR ने मुंबई इंडियंस को महज 147 रनों पर रोक दिया। मुंबई के लिए कॉर्बिन बॉश ने 18 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए। KKR की तरफ से सौरभ दुबे, कार्तिक त्यागी और कैमरन ग्रीन ने दो-दो विकेट झटके। 148 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन अनुभवी बल्लेबाज मनीष पांडे (33 गेंदों में 45 रन, 6 चौके) और रोवमैन पॉवेल (30 गेंदों में 40 रन, 4 चौके, 2 छक्के) की मैच जिताऊ पारियों की बदौलत KKR ने 18.4 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
“पल में जीना हमारी ताकत” – कप्तान रहाणे
मैच के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन की कसी हुई गेंदबाजी (8 ओवर में सिर्फ 41 रन) की तारीफ की। साथ ही उन्होंने मनीष पांडे के रवैये को सराहा। रहाणे ने कहा, “जब आप नियमित रूप से प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं होते, तो बाहर बैठकर खुद को तैयार रखना आसान नहीं होता। मैं मनीष की इस पारी से बेहद खुश हूं। पिछले 6-7 मैचों में जो चीज हमारे काम आई है, वह है पल में जीना और एक बार में सिर्फ एक गेम पर ध्यान देना।” इस जीत के बाद KKR पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है, जबकि मुंबई इंडियंस 9वें स्थान पर खिसक गई है।









