17 हजार फीट की ऊंचाई पर इंडिगो फ्लाइट पर गिरी आकाशीय बिजली… क्षतिग्रस्त हुआ अगला हिस्सा…

पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो फ्लाइट पर 17 हजार फीट पर आकाशीय बिजली गिरी। विमान क्षतिग्रस्त, पायलट की सूझबूझ से लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग।

पटना से लखनऊ आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट के साथ हवा में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खराब मौसम के बीच उड़ान भर रहा विमान करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। बिजली इतनी तेज गिरी कि विमान का अगला हिस्सा (नोज़ कोन) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस अचानक हुई घटना से विमान में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।

हालांकि, विमान के पायलट ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। आपातकालीन स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए और विमान को सुरक्षित रनवे पर उतार लिया गया।

पायलट की त्वरित कार्रवाई से विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स बाल-बाल बच गए और एक बड़ा हादसा होने से टल गया। लैंडिंग के तुरंत बाद तकनीकी टीमों ने विमान की जांच शुरू कर दी है। इंडिगो एयरलाइंस और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की ओर से घटना के विस्तृत कारणों और विमान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button