
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को शनिवार देर रात अचानक बदले मौसम से बड़ी राहत मिली। रात से ही तेज आंधी के साथ शुरू हुई बारिश रविवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रही और कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी होती रही। सुबह से आसमान में बादल छाए रहने के कारण धूप नहीं निकल पाई और ठंडी हवाओं ने मौसम को पूरी तरह नरम कर दिया।
कैसा रहा शनिवार का मौसम?
शनिवार को लखनऊ में लू के साथ-साथ गर्म दिन का असर बना रहा, जिससे गर्मी से परेशान लोगों की हालत बेहाल हो गई। दिन का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री ऊपर था। अधिकतम आर्द्रता 70 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। रात में हुई बारिश के बाद कुछ घंटों के लिए उमस बढ़ गई थी, लेकिन सुबह तक हवा चलते रहने और छिटपुट बारिश होने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिल गई।
कब होगी मानसून की एंट्री?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बदले मौसम के मिजाज के साथ अगर पूर्वी हवाओं का असर लगातार बना रहा तो उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री अगले एक से दो दिन में हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वी यूपी के रास्ते प्रदेश में दस्तक देगा। इस बीच, मौसम विभाग ने लखनऊ के लिए पहले हीटवेव का अलर्ट जारी किया था, लेकिन सुबह मौसम बदलने के बाद अब आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।









