
मुंबई के कुर्ला में सोमवार आधी रात चार मंजिला एक इमारत के ढहने से महराजगंज के 8 लोगों की मौत हो गई है और, 3 घायल हो गए है। खबरों के अनुसार इस हादसे में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य जख्मी हुए हैं।
वही, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतको के परिजनों की मदद करने का आश्वासन दिया है। सीएम योगी ने ट्वीट कर लिखा, ‘मुंबई के कुर्ला क्षेत्र में मकान गिरने की दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत हृदय विदारक है। दु:ख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से उ.प्र. के मृतकों के परिजनों को ₹02-02 लाख तथा घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।’
‘उत्तर प्रदेश सरकार घायलों के समुचित उपचार हेतु महाराष्ट्र सरकार के साथ लगातार संपर्क में है। मृतकों के अंतिम संस्कार हेतु यदि उनके परिजन शव को उत्तर प्रदेश में अपने घर लाना चाहते हैं तो उसकी समुचित व्यवस्था उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा की जाएगी।’
बताया जा रहा है कि, मूसलाधार बारिश से जर्जर बिल्डिंग भरभरा कर गिर गई है। इस इमारत को पहले जर्जर घोषित किया गया था लेकिन बाद में मरम्मत योग्य घोषित किया गया। बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, 1973 में बनी इमारत के निवासियों ने मरम्मत कराने का बीड़ा उठाया था, लेकिन जाहिर तौर पर कोई मरम्मत नहीं हो पाई।
मृतक रोजी-रोटी के लिए मुंबई में मजदूरी कर रहे थे। सभी लोग नौतनवा थाना क्षेत्र निवासी थे। सेमरहवा,कजरी, संपतिया,धोतिहवा गांव के मजदूर थे।