मैहर में NH-30 पर दर्दनाक सड़क हादसा, जन्मदिन पार्टी से लौट रहे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

मैहर। जिले के मैहर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नादन थाना क्षेत्र के ग्राम रीघरा के पास रात करीब एक बजे तेज रफ्तार एक्सयूवी कार सामने चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

कैसे हुआ पूरा हादसा?

बताया जा रहा है कि ये सभी लोग किसी रिश्तेदार के यहां से जन्मदिन का जश्न मनाकर वापस मैहर लौट रहे थे, तभी रीघरा गांव के पास अनियंत्रित गति से आ रही उनकी एक्सयूवी कार आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान अंकुर पटेल, मृदुन पटेल, विशेष पटेल, हरिशंकर पटेल और एक अन्य परिजन के रूप में हुई है। सभी मृतक पूर्व विधायक स्वर्गीय लालजी पटेल के परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं।

घायल की हालत चिंताजनक

हादसे में संजीव कुमार पटेल गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल भी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। हादसे की खबर लगते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

Related Articles

Back to top button