मुंबई में बड़ा हादसा टला, गेटवे ऑफ इंडिया के पास समुद्र में फंसी फेरी, 38 लोगों का रेस्क्यू

मुंबई: गेटवे ऑफ इंडिया के पास गुरुवार शाम अरब सागर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों को लेकर लौट रही एक फेरी बोट अचानक तकनीकी खराबी के कारण समुद्र में रुक गई। फेरी में कुल 38 लोग सवार थे, जिनमें 34 यात्री और 4 क्रू मेंबर शामिल थे।

हादसे की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीम को सक्रिय किया गया। कुछ ही देर में दूसरी फेरी मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों व क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकालकर गेटवे ऑफ इंडिया जेट्टी तक पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

समुद्र में अचानक बंद हुई फेरी

जानकारी के मुताबिक, ‘अनवारी’ नाम की फेरी गेटवे ऑफ इंडिया से यात्रियों को करीब आधे घंटे की समुद्री सैर कराती है। गुरुवार रात करीब 8:30 बजे फेरी समुद्री यात्रा पूरी कर वापस जेट्टी की ओर आ रही थी। इसी दौरान उसमें तकनीकी समस्या आ गई।

बताया जा रहा है कि उस वक्त फेरी गेटवे ऑफ इंडिया से करीब 1.5 नॉटिकल मील दूर समुद्र में थी। बीच समुद्र में फेरी के रुक जाने से उसमें मौजूद यात्रियों में कुछ समय के लिए घबराहट का माहौल बन गया।

क्रू ने कंट्रोल रूम को दी सूचना

फेरी में मौजूद क्रू मेंबर्स ने बिना देरी किए कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने स्थिति पर नजर रखते हुए आसपास मौजूद फेरी ऑपरेटरों को भी अलर्ट किया। इसके बाद एक रेस्क्यू फेरी को तत्काल घटनास्थल की ओर भेजा गया। रेस्क्यू बोट के मौके पर पहुंचने के बाद खराब फेरी को रस्सी की मदद से बांधा गया और उसे धीरे-धीरे गेटवे ऑफ इंडिया जेट्टी की तरफ लाया गया।

सभी यात्री सुरक्षित, जांच शुरू

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस, फेरी ऑपरेटर और क्रू के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला। सभी 34 यात्रियों और चार क्रू मेंबर्स को सुरक्षित किनारे पर पहुंचा दिया गया। किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है। प्रारंभिक जांच में फेरी के इंजन में तकनीकी खराबी सामने आई है। पुलिस और संबंधित विभाग अब मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। इसके साथ ही फेरी के फिटनेस और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी।

Related Articles

Back to top button