
मथुरा/वृंदावन: उत्तर प्रदेश के धार्मिक स्थल वृंदावन से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अपनी अनूठी कला से लोगों को हंसाने वाले देश के मशहूर वेंट्रिलोक्विस्ट (पेट से आवाज निकालने वाले कलाकार) राहुल मिश्रा इन दिनों खुद बेहद परेशान हैं और उनके आंसू नहीं थम रहे हैं। दरअसल, वृंदावन कोतवाली इलाके के परिक्रमा मार्ग पर एक ई-रिक्शा चालक राहुल मिश्रा के बेहद कीमती पपेट्स (पुतले) ‘जोजो’ और ‘जॉनी’ को लेकर रफूचक्कर हो गया। कलाकार राहुल मिश्रा पीछे से चिल्लाते रह गए, लेकिन आरोपी चालक ई-रिक्शा लेकर भाग निकला।

जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना देर रात की है जब राहुल मिश्रा परिक्रमा पूरी करने के बाद वापस अपने होटल लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपना ट्रॉली बैग ई-रिक्शा की छत पर रख दिया था। इसी ट्रॉली बैग के अंदर उनके मशहूर पपेट्स ‘जोजो’ और ‘जॉनी’ रखे हुए थे। पीड़ित कलाकार कल से ही न्याय की आस में थाने और चौकियों के चक्कर काट रहे हैं। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का आरोप है कि वृंदावन में ई-रिक्शा चालकों की आड़ में चोर और लुटेरे पूरी तरह सक्रिय हैं और इस घटना में वृंदावन पुलिस फिलहाल ई-रिक्शा चालक को खोजने में नाकाम साबित हुई है।
गौरतलब है कि कलाकार राहुल मिश्रा हाल ही में वृंदावन के विख्यात संत श्री प्रेमानंद जी महाराज से मुलाकात और उनसे आशीर्वाद मिलने के बाद जबरदस्त सुर्खियों में आए थे। उन्होंने प्रेमानंद जी महाराज के सम्मुख अपने इन्हीं पपेट्स ‘जोजो और जॉनी’ के साथ एक बेहद खूबसूरत और मनमोहक प्रस्तुति दी थी, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया था। फिलहाल पुलिस पीड़ित कलाकार की शिकायत पर मामले की जांच और आरोपी ई-रिक्शा चालक की तलाश में जुटी हुई है।









