AAP सरकार कूड़े के पहाड़ों को हटाने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध… मेयर शैली ओबरॉय ने दिया बयान

मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि मध्य क्षेत्र के लाजपत नगर भाग 4 में स्थित अमर कॉलोनी के कम्युनिटी हॉल के प्रथम तल के एक कमरे में डाकखाना संचालित करने की भी मंजूरी प्रदान की गई है।

दिल्ली की मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने बुधवार को सदन की बैठक में पारित हुए विभिन्न जनहितैषी प्रस्तावों के बारे में अवगत कराया। मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की आप सरकार शहर में स्थित कूड़े के पहाड़ों को हटाने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है l इसी कड़ी में आज निगम के सदन में भलस्वा लैंडफिल साइट पर लेगेसी कचरे के निस्तारण के दूसरे चरण में 30 लाख टन कचरे के निस्तारण संबंधी मंजूरी प्रदान की गई है। मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने बताया कि दिल्ली के सुल्तान पुर डबास गांव में एक और सैनिटरी लैंडफिल साइट स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि दिल्ली नगर निगम इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित करेगा जिसके अंतर्गत आईजीएल दिल्ली नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में कंप्रेसड बायो गैस संयंत्र स्थापित करेगा एवं इसके साथ ही एकीकृत सीबीजी-सीएनजी फ्यूल स्टेशन भी स्थापित करेगा। मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि दिल्ली नगर निगम गाजीपुर स्थित बूचड़खाने पर इंजेस्ता/ पौंच वेस्ट/ गोबर सुखाने का संयंत्र स्थापित करेगा। मेयर ने बताया कि इस संयंत्र को स्थापित करने से जानवरों के अपशिष्ट को लैंडफिल साइट पर जाने से रोकने में मदद मिलेगी।

मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि मध्य क्षेत्र के लाजपत नगर भाग 4 में स्थित अमर कॉलोनी के कम्युनिटी हॉल के प्रथम तल के एक कमरे में डाकखाना संचालित करने की भी मंजूरी प्रदान की गई है। मेयर ने कहा कि सिविक सेंटर के ई -4 ,ब्लॉक के भूतल पर एसबीआई एटीएम/ई लॉबी स्थापित करने के लिए लीज पर स्थान देने संबंधी मंजूरी प्रदान की गई है। मेयर ने कहा कि रेलवे के इंद्रपुरी हाल्ट स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज बनाने के लिए अतिरिक्त भूमि आवंटित करने संबंधी प्रस्ताव को भी सदन से पारित करा दिया गया है। मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि निगम की आप सरकार नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने के लिए पूरी तत्परता से प्रतिबद्ध है।

मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि निगम के पार्कों के रखरखाव के लिए उद्यान विभाग द्वारा अतिरिक्त कर्मियों को लगाने संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की आम आदमी पार्टी की सरकार नागरिकों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में कोई भी कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

Related Articles

Back to top button