
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। दानिश आजाद अंसारी ने एक बयान देते हुए कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी का यह विरोध एक पॉलीटिकल स्टंट है। उनको जनता के मुद्दों से देश के विकास से कहीं कोई मतलब नहीं है। जब कांग्रेस की सरकार थी तब आम जनता के लिए देश के विकास के लिए कांग्रेस पार्टी ने कहीं कोई काम नहीं किया।
मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि 2014 के बाद से देश के हर वर्ग हर जाति हर मजहब के लिए मोदी जी ने तमाम योजनाओं से उनको लाभ पहुंचाया है। रोजगार को बढ़ावा देने के लिए मोदी सरकार हर ठोस कदम उठा रही है। आमजन को युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है।
पसमंदा समाज के मुसलमान को लेकर बीजेपी की सक्रियता पर भी दानिश आजाद अंसारी ने बोला कि 2024 में हर समाज का वोट बीजेपी को मिलने जा रहा है..मुसलमानों का वोट भी भारतीय जनता पार्टी को ही मिलेगा क्योंकि बीजेपी हर धर्म हर जाति समुदाय को साथ लेकर चलती है।









