जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर मोदी-ट्रंप की ‘हैंडशेक डिप्लोमेसी’, आज होने वाली औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता पर दुनिया की निगाहें

फ्रांस के एवियन में हुई संक्षिप्त अनौपचारिक मुलाकात; 16 महीने बाद पहली आमने-सामने बैठक में व्यापार, रक्षा सहयोग और वैश्विक भू-राजनीतिक हालात पर चर्चा की संभावना

नई दिल्ली। फ्रांस के एवियन में चल रहे जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मंगलवार को एक संक्षिप्त लेकिन बेहद चर्चित मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे से हाथ मिलाया और कुछ देर तक बातचीत भी की, हालाँकि इस बार उनके बीच गले मिलने की वह तस्वीर सामने नहीं आई, जो पूर्व में दोनों नेताओं की मुलाकातों की पहचान रही है। इस ‘हैंडशेक डिप्लोमेसी’ की तस्वीरों ने सोशल मीडिया और कूटनीतिक गलियारों में तुरंत सुर्खियाँ बटोर ,लीं।

अनौपचारिक मुलाकात, आज होगी औपचारिक बैठक

सूत्रों के अनुसार, जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई यह मुलाकात पूर्णतः अनौपचारिक थी, जबकि दोनों नेताओं के बीच औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता बुधवार देर शाम भारतीय समयानुसार प्रस्तावित है। यह बैठक इसलिए भी बेहद अहम मानी जा रही है क्योंकि फरवरी 2025 में वाशिंगटन में हुई पिछली शिखर वार्ता के करीब 16 महीने बाद दोनों नेता पहली बार आमने-सामने औपचारिक बातचीत करेंगे।

इन मुद्दों पर होगी चर्चा

आज होने वाली इस प्रस्तावित द्विपक्षीय बैठक में भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मज़बूत करने, द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने, रक्षा एवं तकनीकी सहयोग के नए आयाम तय करने और मौजूदा वैश्विक भू-राजनीतिक हालात पर व्यापक चर्चा होने की प्रबल संभावना है। पूरी दुनिया की निगाहें इस बैठक पर टिकी हुई हैं, जिससे दोनों देशों के संबंधों को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button