
मंगलवार को मुख्यमत्री योगी आदित्यनाथ अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे. यहां उन्होंने पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर में महंत अवेद्यनाथ महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया. इस अवसर पर गुरु गोरक्षनाथ कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि उत्तराखंड से पलायन हमेशा एक गंभीर चिंता का विषय रही है. अगर यहां से पलायन रोकना है तो बच्चों को आदत डालनी होगी.
उन्होंने आगे कहा, ” यहां (उत्तराखंड) में जितनी अच्छी शिक्षा है. जितनी संभावनाएं हैं, उन संभावनाओं को हमें आगे बढ़ाना होगा. यहां का युवा जहां कहीं भी जाएगा, वह अपनी प्रतिभा का लोहा जरुर मनवाएगा. हम लोगों ने भी यहीं पर पढ़ा और जाना है.”
महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के अनावरण अवसर पर बोलते हुए सीएम योगी ने आगे कहा कि उत्तराखंड को पलायन से बचाना होगा, क्योंकि पहाड़ का पानी और जवानी हमेशा देश के काम आता है. उन्होंने आगे कहा कि 2014 के बाद देश में बड़ा परिवर्तन आया है और हमारा देश विकास के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है.
यूपी-उत्तराखंड की सारी समस्याएं खत्म हो चुकी हैं क्योंकि हम समस्या को टालते नहीं,समाधान करते हैं. आज यूपी में सभी त्योहार शांति से मनाए जाते हैं. हमने यूपी की 21 वर्षों की समस्याओं को खत्म कर दिया है और अब यूपी विकास की दौड़ में सबसे आगे है.








