मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के पास समुद्र में फंसी फेरी, 38 लोग बचाए गए; पुलिस और स्थानीय नाव ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

मुंबई। गेटवे ऑफ इंडिया के पास गुरुवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब समुद्र में सैर करा रही ‘अनवारी’ नाम की फेरी का इंजन अचानक खराब हो गया। फेरी में 34 यात्री और चार चालक दल के सदस्य समेत कुल 38 लोग सवार थे। खराबी की वजह से फेरी समुद्र के बीच ही रुक गई और सभी लोग काफी देर तक वहीं फंसे रहे। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और स्थानीय नाव संचालक की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

समुद्र के बीच फंसी फेरी

जानकारी के मुताबिक, यह घटना रात करीब 8:30 बजे की है। फेरी गेटवे ऑफ इंडिया की ओर लौट रही थी और उस वक्त गेटवे से करीब 1.5 नॉटिकल मील दूर थी। अचानक इंजन खराब होने से फेरी आगे नहीं बढ़ पाई और समुद्र में ही थम गई। बड़ी संख्या में यात्रियों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने तेजी से आसपास मौजूद नावों की जानकारी जुटानी शुरू की।

ऐसे हुआ सुरक्षित बचाव

पुलिस कर्मियों को पता चला कि खराब फेरी के पास ‘आजाद हिंद’ नाम की एक दूसरी भ्रमण नौका मौजूद है। पुलिस ने नौका मालिक जुनैद मुल्ला से संपर्क कर मदद की अपील की। पुलिस के अनुरोध पर ‘आजाद हिंद’ मौके पर पहुंची और खराब पड़ी फेरी को सुरक्षित तरीके से खींचकर गेटवे ऑफ इंडिया की तरफ लाया गया।

रात करीब 9:30 बजे फेरी को जेट्टी नंबर 2 पर पहुंचाया गया और उसके बाद सभी 38 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई और समय रहते मिली मदद से एक बड़ा हादसा टल गया।

Related Articles

Back to top button