मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल के ICU में दूसरे मरीज के तीमारदार ने मरीज को पीट-पीटकर मार डाला, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक खौफनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती एक गंभीर मरीज की दूसरे मरीज के तीमारदार ने मामूली कहासुनी के बाद पीट-पीटकर हत्या कर दी। इलाज के दौरान मरीज की मौत होने के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

कौन था मृतक और कैसे बढ़ा विवाद?

मृतक की पहचान 45 वर्षीय रमेश पाल के रूप में हुई है, जो लिवर संबंधी गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और इलाज के लिए जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती था। उसी वार्ड में कमला देवी नाम की एक बुजुर्ग महिला भी सांस की तकलीफ के चलते भर्ती थीं, जिनके साथ उनका बेटा संजय तीमारदार के रूप में मौजूद था। रविवार देर रात किसी बात को लेकर रमेश पाल और संजय के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते इस कदर बढ़ गई कि संजय ने रमेश पाल की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान रमेश की नाक पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद अस्पताल स्टाफ ने उन्हें तत्काल इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट कर इलाज शुरू किया, लेकिन सोमवार सुबह उपचार के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

मौत की खबर पाकर परिजनों में मचा कोहराम

रमेश पाल की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी संजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

एएसपी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि जिला अस्पताल में भर्ती रमेश पाल के साथ रात करीब तीन बजे दूसरे मरीज के तीमारदार ने मारपीट की थी और सुबह उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और अस्पताल के आईसीयू व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ सके। एएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जांच में अस्पताल प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था या किसी अन्य व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button