Muzaffarnagar : कांवड़ियों ने सड़क पर किया तांडव…जल खंडित होने पर बाइक तोड़ी और जमकर किया मारपीट

Muzaffarnagar Kanwar Yatra. कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर में शिव चौक पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ कांवड़ियों और राहगीरों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर मारपीट और तोड़फोड़ शुरू हो गई। घटना नगर कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में किया।

क्या है मामला?

स्थानीय लोगों ने बताया कि दिल्ली से आए शिव भक्त की कांवड़ में अचानक एक बाइक की टक्कर लग गई, जिससे उनकी कांवड़ खंडित हो गई। इसी बात को लेकर कांवड़ियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया।विवाद इतना बढ़ गया कि कांवड़ियों ने बाइक सवार युवक से मारपीट की और उसकी बाइक में जमकर तोड़फोड़ की। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई और यातायात भी प्रभावित हो गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंच संभाला मामला

सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने कांवड़ियों को समझा-बुझाकर आगे बढ़ाया और विवाद की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि घटना की वीडियो फुटेज खंगाली जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला दर्ज नहीं हुआ है लेकिन स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।

सवालों के घेरे में यात्रा प्रबंधन

कांवड़ यात्रा के दौरान इस तरह की घटनाएं सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करती हैं। हालांकि पुलिस और प्रशासन दावा कर रहे हैं कि इस बार कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, लेकिन ऐसे घटनाक्रम यात्रा की छवि और श्रद्धालुओं की सुरक्षा दोनों पर असर डालते हैं।

Related Articles

Back to top button