मुजफ्फरनगर में दिल दहला देने वाली वारदात,अवैध संबंध के शक में प्रेमिका के पति पर गंडासे से ताबड़तोड़ 17 वार,इलाज के दौरान मौत

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में प्रेमिका के पति की गंडासे से बेरहमी से काटकर हत्या कर दी गई। इस खौफनाक हमले में हत्यारोपी ने पीड़ित पर एक या दो नहीं बल्कि पूरे 17 बार गंडासे से ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले की इस भीषणता के कारण घायल हाशिम के सिर की हड्डी बुरी तरह टूट गई और आंखें तक बाहर निकल आईं। गंभीर रूप से घायल हाशिम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी तालिब मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में मामला अवैध संबंधों और प्रेम प्रसंग के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में तनाव का माहौल है।

Related Articles

Back to top button