नेहरू का रिकॉर्ड टूटा, आज राजग करेगा मोदी के नेतृत्व का जश्न

10 जून को लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनेंगे मोदी; भारत मंडपम में 35 सहयोगी दलों के 75 नेता होंगे शामिल, चंद्रबाबू नायडू पेश करेंगे प्रस्ताव, 2047 तक विकसित भारत के रोडमैप पर होगी चर्चा

नई दिल्ली। केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक ऐतिहासिक मुकाम पर पहुँचने के उपलक्ष्य में बुधवार को भारत मंडपम में राजग की भव्य बैठक आयोजित होगी। 10 जून को मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,399 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन जाएँगे। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए गठबंधन के सभी घटक दल एक मंच पर जुट रहे हैं।

चंद्रबाबू नायडू पेश करेंगे प्रस्ताव, नेफ्यू रियो करेंगे समर्थन

सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता जताने वाला एक विशेष प्रस्ताव आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू पेश करेंगे। नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। इसके बाद गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता चर्चा में भाग लेंगे और फिर प्रस्ताव को औपचारिक रूप से स्वीकार किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री मोदी राजग सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

35 दल, 75 नेता, 22 राज्यों की सरकारें- एक मंच पर

भारत मंडपम में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। इसमें राजग के सभी 35 घटक दलों का प्रतिनिधित्व करने वाले करीब 75 वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। राजग शासित 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। राजनाथ सिंह, अमित शाह, जेपी नड्डा और शिवराज सिंह चौहान जैसे केंद्रीय मंत्रियों के अलावा गठबंधन के सहयोगी दलों से के. राम मोहन नायडू, राजीव रंजन सिंह, एच.डी. कुमारस्वामी और अनुप्रिया पटेल भी शिरकत करेंगे।

नेहरू का रिकॉर्ड ढहा, इंदिरा से आगे निकले मोदी

गौरतलब है कि नेहरू ने 1952 के पहले आम चुनाव के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों तक पद संभाला था। 1947 से 1952 तक उनका कार्यकाल अंतरिम सरकार के प्रमुख का था। वहीं, इंदिरा गांधी ने कुल 14 वर्ष प्रधानमंत्री पद पर बिताए, लेकिन उनका कार्यकाल निर्बाध नहीं था। मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 2019 में और अधिक बहुमत से दूसरी बार और 9 जून 2024 को तीसरी बार सत्ता संभाली। 10 जून 2026 को वह लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने वाले नेता बन जाएँगे।

विकसित भारत 2047 और सुशासन पर होगी चर्चा

यह बैठक सिर्फ जश्न तक सीमित नहीं रहेगी। सूत्रों के मुताबिक, इसमें ‘जीवन की सुगमता’ और ‘व्यापार की सुगमता’ से जुड़े विभिन्न दृष्टिकोणों और सर्वोत्तम प्रथाओं पर चर्चा होगी। केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर 2047 तक विकसित भारत के साझा सपने को साकार करने की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। यह आयोजन एक तरफ जहाँ राजग की एकता और सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन करेगा, वहीं पिछले एक दशक में शासन, विकास और राष्ट्रीय नेतृत्व में मोदी के योगदान को भी रेखांकित करेगा।

Related Articles

Back to top button