
डेस्क : न्यूजीलैंड को भारत के आगामी दौरे से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर रचिन रवींद्र चोटिल हो गए हैं। एक प्रोमोशनल शूट के दौरान कैच लेने की कोशिश में रचिन सेफ्टी मैट पर गलत तरीके से गिर गए, जिसके बाद उन्हें चोट लगी। मेडिकल जांच में किसी फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उनकी वापसी अब रिहैबिलिटेशन पर निर्भर करेगी।
बता दे कि भारतीय टीम को अक्टूबर में न्यूजीलैंड का दौरा करना है। इस दौरान दोनों टीमों के बीच पांच टी20 इंटरनेशनल, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे। दौरे की शुरुआत 22 अक्टूबर से होगी और इसका कार्यक्रम नवंबर के अंत तक चलेगा।
रचिन रवींद्र न्यूजीलैंड की टीम के अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं। वह बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी योगदान देते हैं। ऐसे में उनकी चोट ने न्यूजीलैंड की तैयारियों को प्रभावित किया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह भारत के खिलाफ आगामी सीरीज तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे या नहीं।
न्यूजीलैंड के परफॉर्मेंस मैनेजर माइक सांडले ने रचिन की चोट को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि टीम की प्राथमिकता रचिन को जल्द से जल्द स्वस्थ कर मैदान पर वापस लाना है। उन्होंने यह भी बताया कि कमर्शियल शूट के दौरान सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाता है। रचिन न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम के भी महत्वपूर्ण सदस्य हैं। आने वाले समय में न्यूजीलैंड को काफी टेस्ट क्रिकेट खेलनी है, ऐसे में टीम प्रबंधन उनकी फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वॉल्टर ने भी साफ किया है कि रचिन की वापसी में जल्दबाजी नहीं की जाएगी। उनका कहना है कि अगले छह महीनों में काफी टेस्ट क्रिकेट है और टीम रचिन के रिहैबिलिटेशन को प्राथमिकता देगी। अब रचिन की भारत के खिलाफ सीरीज में उपलब्धता उनकी रिकवरी पर निर्भर करेगी।









