राम मंदिर चढ़ावा कांड पर नृपेंद्र मिश्र ने झाड़ा पल्ला, बोले- ‘मैं निर्माण से जुड़ा हूं, गबन ट्रस्ट का आंतरिक मामला’

अयोध्या। राम मंदिर के दानपात्रों से चढ़ावे की धनराशि में कथित गबन और चोरी के मामले ने जहाँ श्रद्धालुओं में आक्रोश पैदा कर दिया है, वहीं राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्र ने खुद को इस पूरे विवाद से स्पष्ट रूप से अलग कर लिया है। अयोध्या पहुँचे नृपेंद्र मिश्र ने मीडिया के तीखे सवालों का सामना करते हुए दो टूक कहा कि दानपात्र की धनराशि में हुए गबन का मामला श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का आंतरिक विषय है।

मैं निर्माण कार्यों से जुड़ा हूं, यह ट्रस्ट का मामला

पत्रकारों ने जब नृपेंद्र मिश्र से करोड़ों रुपये के चढ़ावे की चोरी के प्रकरण पर विस्तृत प्रतिक्रिया चाही, तो उन्होंने कोई सीधी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने बेहद संक्षिप्त जवाब में कहा, मैं तो केवल निर्माण कार्यों से जुड़ा हुआ हूँ। यह पूरा मामला ट्रस्ट के पदाधिकारी देख रहे हैं और यह उनका आंतरिक मामला है। मिश्र के इस बयान को राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में पूरे प्रकरण से जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने के रूप में देखा जा रहा है।

ट्रस्ट ने सीएम से की थी SIT जांच की मांग

गौरतलब है कि दान चोरी के इस प्रकरण को लेकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विशेष जांच दल (SIT) के गठन का औपचारिक अनुरोध कर चुका है। ऐसे में निर्माण समिति के शीर्ष पदाधिकारी द्वारा इस मामले को पूरी तरह ‘आंतरिक विषय’ बताकर चुप्पी साध लेना कई नए सवाल खड़े कर रहा है। श्रद्धालु संगठनों और स्थानीय जनता का कहना है कि करोड़ों के चढ़ावे की पारदर्शी जांच होनी ही चाहिए, चाहे वह ट्रस्ट का मामला हो या निर्माण समिति का।

Related Articles

Back to top button