अधिकारी बेटी बनी भूमाफिया, मां ने फर्जी हस्ताक्षर कर जमीन पर कब्जा करने का लगाया आरोप

सहारनपुर जिले में तैनात जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सीमा चौधरी एक बड़े कानूनी विवाद में घिर गई हैं। उन पर और उनके सहयोगियों पर उनकी ही मां ने धोखाधड़ी, जालसाजी और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। थाना सरसावा में दर्ज इस मुकदमे ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है।

क्या है पूरा मामला?

ग्राम मिरपुर सीतापुर निवासी मुनेश रानी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी सीमा चौधरी, संजीव कुमार चौधरी, राजेंद्र राणा, गंभीर और नरेश कुमार ने एक सुनियोजित साजिश के तहत उनकी संपत्ति हड़पने का प्रयास किया। मुनेश रानी का दावा है कि आरोपियों ने बिना उनकी जानकारी के उनके बैंक खाते का इस्तेमाल किया और उसमें 15 लाख रुपये जमा कराए। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता का आरोप है कि 16 सितंबर 2023 की एक फर्जी रसीद तैयार कर उस पर उनके जाली हस्ताक्षर किए गए, ताकि जमीन पर कब्जा जमाया जा सके। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

DSO सीमा चौधरी का पक्ष

इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए DSO सीमा चौधरी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला भ्रष्टाचार या ब्लैक मनी से कतई जुड़ा हुआ नहीं है। सीमा चौधरी ने इसे पूरी तरह से एक पारिवारिक और संपत्ति से संबंधित विवाद बताया है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धाराओं 420, 467, 468, 471 और 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button