
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रम के दौरान वीआईपी मूवमेंट को लेकर बड़ा बवाल देखने को मिला। आरबीएस (RBS) कॉलेज में आयोजित खटीक समाज के एक कार्यक्रम में शामिल होने आए रक्षा मंत्री के सुरक्षा घेरे और ट्रैफिक रोकने के चलते आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कड़कड़ाती धूप और भीषण गर्मी के बीच सुरक्षा कारणों से ट्रैफिक को करीब एक-एक घंटे के लिए रोक दिया गया था। इसी लंबे जाम में फंसी एक महिला का सब्र का बांध टूट गया और उसका गुस्सा फूट पड़ा। महिला ने वीआईपी कल्चर का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि ये नेता जनता के वोट से वीआईपी बनते हैं और बाद में आम लोगों को ही परेशान करते हैं। लोग अपने ही घरों और रास्तों में घंटों कैद होकर रह गए।
नाराज महिला ने ट्रैफिक रोके जाने का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया और रक्षा मंत्री के काफिले के सामने जाने की कोशिश भी की। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात डीसीपी ट्रैफिक और महिला पुलिसकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह महिला को रोककर समझाया-बुझाया और शांत कराने का प्रयास किया। सार्वजनिक स्थान पर आम नागरिक के इस कड़े विरोध का मामला अब शहर के साथ-साथ सियासी गलियारों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।









