राम का नाम लेने पर बरसते थे डंडे, अब दंगाई भूलकर भी नहीं करते उपद्रव, गोंडा में बोले सीएम योगी

515 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए 2017 से पहले और अब के गोंडा की तुलना की; कहा- पहले दस कदम दूरी बनाने वाले आज गले लगाने को बेताब, गंदे शहरों की सूची से निकलकर अब स्वच्छ शहरों में शुमार

गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा जिले के कर्नलगंज विधानसभा क्षेत्र के चकरौत में आयोजित जनसभा में 515 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2017 से पहले और अब के गोंडा की जमीनी तुलना करते हुए सपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि पहले यहाँ भगवान श्रीराम का नाम लेने पर प्रतिबंध था और श्रद्धालुओं पर डंडे बरसते थे, लेकिन अब उत्सव के रंग में कोई भंग नहीं डाल सकता।

दस कदम दूरी बनाने वाले अब गले लगाने को बेताब

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले गोंडा के लोग पहचान के लिए मोहताज थे। जब वे नौकरी या व्यवसाय के सिलसिले में दूसरे जिलों में जाते थे तो लोग उनसे दस कदम की दूरी बना लेते थे। आज डबल इंजन की सरकार का नतीजा है कि वही लोग अब गले लगाने को बेताब रहते हैं। उन्होंने कहा कि पहले जाति और क्षेत्र देखकर विकास होता था, अब पात्रता के आधार पर योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

अब दंगाई ऐसा करने की भूल भी नहीं करते

सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले दुर्गा पूजा में दंगाई माँ की प्रतिमा का विसर्जन नहीं होने देते थे, पर्व शुरू होते ही उपद्रव शुरू हो जाता था। अब दंगाई ऐसा करने की भूल भी नहीं करते और अगर कोई प्रयास करेगा तो उसे स्वाहा कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि गोंडा कभी देश के सबसे गंदे शहरों में शुमार था, लेकिन अब वह स्वच्छ और अच्छे शहरों की सूची में आ गया है।

गोंडा को मिला मेडिकल-इंजीनियरिंग कॉलेज का लाभ

मुख्यमंत्री ने पौराणिक और स्वतंत्रता आंदोलन में गोंडा की भागीदारी को याद करते हुए कहा कि पहले नोएडा, अलीगढ़ और मेरठ तक ही रोजगार के विकास सिमटे थे। अब गोंडा में भी बिना किसी भेदभाव के निवेश हो रहा है, जिससे युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार की राह आसान हुई है। उन्होंने कहा कि गोंडा को मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और कृषि महाविद्यालय जैसी बड़ी सौगातें मिली हैं।

अयोध्या से सटे होने के कारण गोंडा को असीम कृपा प्राप्त है और आज पुलिस भर्ती से लेकर अन्य सरकारी नौकरियों में गोंडा, बहराइच और बलरामपुर के युवाओं का नाम देखकर गौरव की अनुभूति होती है। इस मौके पर कैसरगंज सांसद करन भूषण सिंह, विधायक अजय कुमार सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button