
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना (PMBJP) के तहत स्किनकेयर सेगमेंट में बड़ी एंट्री करते हुए ‘जन औषधि सैलिसिलिक एसिड फेसवॉश’ लॉन्च किया है। सरकार के आधिकारिक हैंडल से जारी एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद से यह चर्चा का विषय बना हुआ है। इस कदम का सीधा मतलब यह है कि अब आम नागरिकों को पिंपल्स और त्वचा संबंधी अन्य समस्याओं के लिए बेहद सस्ती कीमत पर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद जन औषधि केंद्रों पर आसानी से उपलब्ध होगा।
क्या है इस लॉन्च की खास बात?
यह पहली बार है जब सरकार की इस महत्वाकांक्षी सस्ती दवा योजना ने दवाओं से आगे बढ़कर सीधे कॉस्मेटिक और स्किनकेयर उत्पादों के बाजार में कदम रखा है। सैलिसिलिक एसिड फेसवॉच को खासतौर पर पिंपल्स और एक्ने की समस्या से निपटने के लिए जाना जाता है, जो अक्सर बाजार में उपलब्ध महंगे ब्रांडेड उत्पादों की वजह से आम लोगों की पहुंच से दूर रहता है। सरकार की इस पहल का सीधा लाभ उन युवाओं और आम परिवारों को मिलेगा जो अब तक महंगे प्रोडक्ट्स खरीदने में असमर्थ थे।









