पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी,एक करोड़ कीमत की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

फर्रुखाबाद पुलिस ने दो अंतरराज्यीय मादक तस्करों को लगभग एक करोड़ कीमत की अफीम समेत गिरफ्तार किया है. पुलिस व एसओजी टीम के संयुक्त अभियान में अंतर राज्ययीय मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के दो आरोपी गिरफ्त में आएं हैं.

डेस्क: फर्रुखाबाद पुलिस ने दो अंतरराज्यीय मादक तस्करों को लगभग एक करोड़ कीमत की अफीम समेत गिरफ्तार किया है. पुलिस व एसओजी टीम के संयुक्त अभियान में अंतर राज्ययीय मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के दो आरोपी गिरफ्त में आएं हैं. थाना मोहम्मदाबाद पुलिस व एसओजी ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को धीरपुर चौराहा से गिरफ्तार किया गया है. शातिरों के पास से पाँच किलो अफीम मिली है जिसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है.

दरअसल पुलिस की नजर जनपद में मादक पदार्थों का कारोबार करने वाले लोगों पर थी. पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा को जानकारी थी कि अन्तर्राज्यीय तस्कर मादक पदार्थ जिले में अफीम एवं अन्य मादक पदार्थों की आपूर्ति कर रहे हैं. पुलिस ने मादक पदार्थों के डॉन को दबोचने के लिए कई मुखबिर लगा रखे थे. पुलिस को भनक लगी कि कुजल मुण्डा निवासी ग्राम तारूब, थाना खूटी जिला खूटी, झारखण्ड तथा हरप्रसाद पुत्र प्रीतम लाल निवासी ग्राम गौहान, थाना शाही, जनपद बरेली जिले में मादक पदार्थों की आपूर्ति के लिए आए हुए हैं.

एसपी अशोक कुमार मीणा के दिशा-निर्देशन में शातिरों को धर-दबोचने की पूरी रूपरेखा तैयार की गयी. एसओजी प्रभारी बलराज भाटी, मोहम्मदाबाद कोतवाल दिलीप कुमार बिन्द व अन्य पुलिस कर्मियों ने मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में धीरपुर चौराहे से कुंजल व हरप्रसाद को धर दबोचा. तलाशी में अभियुक्तों के पास से पांच किलो अफीम के अतिरिक्त दो एण्ड्राइड मोबाइल, 23 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई. जिस बाइक पर दोनों शातिर सवार थे, वह भी पुलिस ने कब्जे में ले ली. पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि शातिर झारखंड व उड़ीसा से अफीम को लाने के बाद पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में आपूर्ति करते थे। अब जिले में भी जिन-जिन लोगों को अफीम की आपूर्ति की जाती थी, उन पर भी पुलिस की गाज गिरना तय है.

Related Articles

Back to top button