
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा लगाने के अभियान की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। हर घर तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री और वितरण की सुविधा के लिए भी सरकार अपनी तरफ से लगी हुई है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी डाकघर स्वतंत्रता दिवस 2022 से पहले छुट्टी के दिनों में भी खुले रहेंगे।

देश भर में सभी डिलीवरी डाकघर इस सार्वजनिक अभियान का हिस्सा बने हुए हैं। देश भर में सभी डिलीवरी डाकघर और अन्य महत्वपूर्ण डाकघर इस सार्वजनिक अभियान का समर्थन करने के लिए खुले रहेंगे। सार्वजनिक छुट्टी के दिनों अर्थात 7, 9 और 14 अगस्त 2022 को डाकघरों में कम से कम एक काउंटर के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। सभी डिलीवरी डाकघरों में राष्ट्रीय ध्वज के वितरण की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।
हरिद्वार जेल में कैदी भी हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में योगदान दे रहे हैं। जेल की चारदीवारी के भीतर कैदी और बंदी तिरंगा झंडा बना रहे हैं। जेल में तैयार होने के बाद ये झंडे बाजार में बिकेंगे। केन्द्र और प्रदेश सरकार हर घर तिरंगा लहराने की तैयारी कर रही है। पोस्ट आफिस से लेकर बाजारों में तिरंगा झंडों की बिक्री की जा रही है।