
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक खबर सामने आ रही है। संगम नगरी के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में बेखौफ अज्ञात बदमाशों ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में भारी हड़कंप मच गया है।
मृतक बुजुर्ग की पहचान 70 वर्षीय राम दुलारे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने राम दुलारे को निशाना बनाते हुए बेहद करीब से गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। इस हत्या की सूचना मिलते ही कर्नलगंज थाना पुलिस और आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुजुर्ग की इस तरह बेरहमी से हत्या क्यों की गई, इसकी वजह अभी तक पूरी तरह से साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की रंजिश या वजह का पता लगाया जा सके। पुलिस ने वारदात के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और हत्यारोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का अनावरण किया जाएगा।









