
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से भू-माफियाओं के दुस्साहस का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ की कुर्क की गई सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर प्लाटिंग करने का खुलासा हुआ है। इस मामले में राजस्व विभाग के लेखपाल मनीष कुमार की तहरीर पर एयरपोर्ट थाने में गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने शाहा उर्फ पीपल गांव स्थित अशरफ की कुर्कशुदा जमीन पर अवैध रूप से प्लाटिंग करके उसे आम लोगों को बेच दिया था। मामला संज्ञान में आते ही एसडीएम सदर ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह से ध्वस्त करवा दिया।
इस पूरे मामले में अतीक अहमद के फाइनेंसर और चर्चित बिल्डरों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने मोहम्मद मुस्लिम, मोहम्मद नसरत और मोहम्मद आफताब अहमद के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कुर्क की गई संपत्तियों पर कब्जा करने वाले किसी भी भू-माफिया को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।









