
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने हिमाचल के कुल्लू में आपदा के पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को समझा और आपदा प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। मनाली के रास्ते में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को स्थानीय महिला सुनीता बौद्ध से मिलीं जो आपदा में टूटी सड़क बनाने के लिए 10 दिन से श्रमदान दे रही हैं।

इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि राज्य में बाढ़ एवं भूस्खलन के चलते भारी संख्या में लोग बेघर हुए हैं और लोगों की जानें गई हैं। हिमाचल सरकार हर मुमकिन प्रयास के साथ राहत व पुनर्वास की पहल कर रही है, प्रदेश की जनता राज्य सरकार के साथ मिलकर आपदा से निपटने के लिए अथक संघर्ष कर रही है और चाहती है कि केंद्र सरकार से भी उचित मदद मिले ताकि जनजीवन को दोबारा पटरी पर लाया जा सके।
प्रियंका गांधी ने कहा कि राज्य की जनता और सरकार दोनों की केंद्र सरकार से मांग है कि इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए, ताकि हिमाचल के भाई-बहनों को पुनर्वास में सहायता मिल सके। उन्होने कहा कि मेरी मोदी सरकार से अपील है कि वे सेब के किसानों के लिए भी नीतियों में बदलाव करे।









