
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने शुक्रवार को अपना 53वां जन्मदिन अपने परिवार के साथ मुंबई स्थित आवास पर सादगी से मनाया। इस खास मौके पर उन्होंने पत्नी अंजलि तेंदुलकर और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ केक काटा।
जन्मदिन के अवसर पर बड़ी संख्या में फैंस उनके घर के बाहर पहुंचे। सचिन ने अपने प्रशंसकों का आभार व्यक्त करते हुए मुस्कुराकर सभी को धन्यवाद दिया और कहा, “Thank you for all the good wishes.”
केक काटने के बाद सचिन तेंदुलकर ने फैंस के साथ सेल्फी ली और कई लोगों को ऑटोग्राफ भी दिए। इस दौरान उनके घर के बाहर भारी पुलिस सुरक्षा भी तैनात रही।
24 अप्रैल 1973 को जन्मे सचिन तेंदुलकर को दुनिया के सबसे महान बल्लेबाजों में गिना जाता है। वे टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपने करियर में कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए, जिन्हें आज तक कोई नहीं तोड़ सका है।
इस मौके पर उनके सबसे बड़े प्रशंसक सुदीर गौतम भी मौजूद रहे, जो 2007 से हर मैच में टीम इंडिया को सपोर्ट करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं सचिन सर की लंबी उम्र की कामना करता हूं और इसके बाद सिद्धिविनायक मंदिर जाऊंगा।”
सुदीर ने आगे कहा कि सचिन भले ही क्रिकेट से रिटायर हो चुके हैं, लेकिन उनके दिल में आज भी “Tendulkar 10” जिंदा है और वे हमेशा टीम इंडिया को सपोर्ट करते रहेंगे।
सचिन तेंदुलकर ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 34,357 रन बनाए, जो क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ा रिकॉर्ड माना जाता है। उनकी उपलब्धियां आज भी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।









