
सहारनपुर: जिले के देवबंद कोतवाली क्षेत्र के निहालखेड़ी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के भीतर 38 वर्षीय महिला रीना का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। महिला की मौत की खबर फैलते ही इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य जुटाए। मृतका के गले और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथमदृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि रीना के पति अर्जुन कश्यप की चार साल पहले ही मौत हो चुकी थी, जिसके बाद से वह घर में अकेली रहती थी, जबकि उसके बच्चे अपनी ननद के पास रह रहे थे।
एसपी देहात मयंक पाठक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि हत्या के एंगल समेत पुलिस हर संभावित पहलू की जांच कर रही है। घटना के पर्दाफाश के लिए पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जो जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुँचने का प्रयास कर रही हैं।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या महिला की किसी से रंजिश थी या लूटपाट जैसी किसी घटना का विरोध करने पर उसकी जान ली गई। फिलहाल, फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जो मौत के असल कारणों पर से पर्दा उठा सकेगी। देवबंद क्षेत्र में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।









