
संभल। जिले के असमोली ब्लाक क्षेत्र के गांव मढ़न में राजस्व विभाग ने ग्राम समाज की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार न्यायालय और एसडीएम न्यायिक के आदेश के बाद राजस्व टीम ने भारी पुलिस बल और आरएफएफ की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बनी ईदगाह और कब्रिस्तान के निर्माण को ध्वस्त करते हुए भूमि को कब्जामुक्त करा लिया। पूरी कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति नहीं बनी।
किन धाराओं के तहत हुई कार्रवाई?
गांव मढ़न में गाटा संख्या 208, रकबा 0.0070 हेक्टेयर कब्रिस्तान की भूमि के संबंध में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 67 के तहत तहसीलदार न्यायालय ने बेदखली का आदेश पारित किया था। वहीं, गाटा संख्या 393 के रकबा 0.207 हेक्टेयर में से 0.128 हेक्टेयर भूमि के मामले में धारा 134 के तहत एसडीएम न्यायिक ने आठ जुलाई को आदेश जारी किए थे। इन्हीं आदेशों के अनुपालन के लिए तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह ने राजस्व टीम का गठन किया, जिसके प्रभारी नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल और नायब तहसीलदार शुभम प्रताप सिंह को बनाया गया।
कितनी रही सुरक्षा व्यवस्था?
राजस्व टीम के साथ दो राजस्व निरीक्षक और आठ लेखपाल भी कार्रवाई में शामिल रहे। मौके पर दो थाना प्रभारियों के साथ करीब 60 पुलिसकर्मी और आरएफएफ के जवान सुरक्षा के लिए तैनात रहे। निरीक्षण के बाद टीम ने ग्राम समाज की भूमि पर बने अवैध निर्माणों को बुलडोजर की मदद से पूरी तरह ध्वस्त करा दिया और जमीन को कब्जामुक्त करा लिया गया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह और राजस्व निरीक्षक चंद्रपाल सिंह सहित राजस्व विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।








