
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज संजू सैमसन ने टीम में अपनी जगह और चयन को लेकर चल रही चर्चाओं पर खुलकर बात की है। संजू ने साफ तौर पर कहा है कि वह क्रिकेट अपनी शर्तों पर खेलना चाहते हैं और उन्होंने ‘चूहों की रेस’ से बाहर रहने का फैसला कर लिया है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारतीय टी20 टीम में उनकी जगह को लेकर लगातार कयास लगाए जा रहे हैं, खासकर युवा खिलाड़ियों के आने के बाद उनकी प्लेइंग-11 में स्थिति को लेकर काफी चर्चा है।
बता दें, संजू सैमसन ने कहा कि उन्होंने साल 2026 के टी20 वर्ल्ड कप से पहले ही यह तय कर लिया था कि वह इस अंधी दौड़ का हिस्सा नहीं बनेंगे। उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ खेल का लुत्फ उठाना चाहता हूं। अब मैं 31 साल का हूं और मैंने काफी कुछ हासिल कर लिया है। मेरे पास क्रिकेट के कुछ साल और बचे हैं, इसलिए मैं अपनी शर्तों पर खेलूंगा।” संजू ने यह भी जोड़ा कि उन्हें कोई यह नहीं बताएगा कि कैसे बल्लेबाजी करनी है, बल्कि संजू ही अपने लिए फैसले लेगा।
वैभव सूर्यवंशी के टीम में आने और इंग्लैंड तथा जिम्बाब्वे दौरों पर प्लेइंग-11 से बाहर रहने के सवाल पर संजू ने बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वह साल 2028 के टी20 वर्ल्ड कप की प्लानिंग अभी से नहीं कर रहे हैं, क्योंकि भविष्य के बारे में किसी को कुछ नहीं पता। संजू ने याद किया कि 2024 वर्ल्ड कप के बाद उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह 2026 का वर्ल्ड कप खेलेंगे, लेकिन परिस्थितियां बदलीं और उन्होंने भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। अंत में उन्होंने कहा कि कोई भी उनसे उनकी उपलब्धियां नहीं छीन सकता है।









