पंजाब में सीरियल ब्लास्ट से दहला सीमावर्ती इलाका, ब्लास्ट के बाद NIA की एंट्री, आतंकी साजिश का शक !

पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही रात में हुए कई धमाकों ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। अमृतसर और जालंधर जैसे संवेदनशील इलाकों में हुए इन ब्लास्ट्स के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मामले की कमान संभाल ली है। एजेंसियां इस बात की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं कि क्या यह किसी सोची-समझी आतंकी साजिश का हिस्सा है या इसके पीछे कोई स्थानीय शरारती तत्व है।

अमृतसर से जालंधर तक हड़कंप

ताजा घटनाओं में अमृतसर स्थित बीएसएफ (BSF) मुख्यालय के ठीक सामने और खासा में आर्मी कैंप के पास जोरदार धमाके हुए। धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसकी गूँज डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। वहीं जालंधर में भी बीएसएफ मुख्यालय के बाहर एक स्कूटी में ब्लास्ट की खबर ने सनसनी फैला दी। चौंकाने वाली बात यह है कि जालंधर में आज मुख्यमंत्री भगवंत मान का दौरा प्रस्तावित है, जिससे ठीक पहले हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

सीसीटीवी में कैद संदिग्ध की तलाश

जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा है। इसमें एक संदिग्ध आतंकी जैसा दिखने वाला व्यक्ति पॉलिथीन में लिपटी हुई कोई वस्तु छोड़कर भागता नजर आ रहा है, जिसके तुरंत बाद वहां धमाका हो गया। फॉरेंसिक टीमें और बम निरोधक दस्ता मौके से साक्ष्य जुटाने में लगा है।

रेलवे ट्रैक को उड़ाने की पुरानी साजिश से कनेक्शन?

सुरक्षा एजेंसियां इन घटनाओं को 5 महीने पहले फतेहगढ़ साहिब में मालगाड़ी के ट्रैक पर हुए धमाके से भी जोड़कर देख रही हैं, जिसमें रेलवे लाइन का 15 फीट हिस्सा उड़ गया था। पुलिस का अंदेशा है कि यह किसी बड़े नेटवर्क का काम हो सकता है जो पंजाब की शांति भंग करने की फिराक में है। फिलहाल पूरे राज्य में ‘हाई अलर्ट’ जारी कर दिया गया है और सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Back to top button