शराबी दरोगा का तांडव, महिला सहकर्मी के आवास में घुसकर मचाया बवाल,फिर पुलिस ने…

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में स्थित 11वीं वाहिनी पीएसी (PAC) परिसर से खाकी को शर्मसार करने वाली एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ आधी रात को एक दरोगा ने महिला दरोगा के सरकारी आवास पर पहुंचकर जमकर उत्पाद मचाया और जबरन घर के अंदर घुसने का प्रयास किया। महिला दरोगा ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को कमरे में बंद कर अपनी जान बचाई। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी दरोगा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आधी रात को सरकारी आवास में घुसने की कोशिश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है जब 11वीं वाहिनी पीएसी परिसर में बने महिला दरोगा के सरकारी आवास पर आरोपी दरोगा आशीष चंद्र दुबे पहुंच गया। उसने महिला दरोगा के घर का दरवाजा खटखटाया और जबरन अंदर घुसने का प्रयास करते हुए हंगामा काटना शुरू कर दिया। इस औचक हमले और हंगामे से घबराई महिला दरोगा ने तुरंत अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और खुद को सुरक्षित किया।

सेनानायक को फोन पर दी सूचना, मौके पर पहुँची QRT
महिला दरोगा ने घर के अंदर से ही तुरंत मोबाइल फोन के जरिए पीएसी के सेनानायक (कमांडेंट) को इस पूरी घटना की जानकारी दी। महिला पुलिस अधिकारी के आवास पर हंगामे की खबर मिलते ही पीएसी और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आला अधिकारियों के निर्देश पर तुरंत क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और स्थानीय पुलिस बल मौके पर भेजा गया। मौके पर पहुँचकर पुलिस टीम ने हंगामा काट रहे आरोपी दरोगा आशीष चंद्र दुबे को मौके से ही हिरासत में ले लिया।

लखनऊ में तैनात है आरोपी दरोगा, भेजा गया जेल
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दरोगा आशीष चंद्र दुबे वर्तमान में उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL), लखनऊ में तैनात है। इस मामले में पीड़ित महिला दरोगा की लिखित शिकायत के आधार पर स्थानीय पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए आरोपी दरोगा आशीष चंद्र दुबे को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पीएसी परिसर जैसी सुरक्षित जगह पर हुई इस वारदात ने पुलिस महकमे के भीतर अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button