
नई दिल्ली। सोनम वांगचुक के जंतर-मंतर पर चल रहे अनशन के बीच उनकी पत्नी गीतांजलि भी चर्चा में हैं। गीतांजलि एक सोशल एंटरप्रेन्योर और शिक्षाविद हैं, जिन्हें हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव्स (HIAL), लद्दाख की सह-संस्थापक के रूप में जाना जाता है। फिलहाल वह HIAL में संस्थापक सीईओ और डीन की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। यह संस्थान पहाड़ी क्षेत्रों के विकास के लिए काम करता है, जहां ग्रीन कैंपस और सोलर-हीटेड इमारतों का निर्माण किया गया है। 2021 में संस्थान ने सेना के लिए विशेष सोलर-हीटेड टेंट भी विकसित किए थे।
बेहद खास है गीतांजलि का करियर
ओडिशा के बालासोर में एक पंजाबी परिवार में जन्मीं गीतांजलि ने फकीर मोहन यूनिवर्सिटी से भौतिकी में स्नातक और भुवनेश्वर के जेवियर इंस्टीट्यूट से एमबीए किया। इसके बाद उन्होंने करीब 15 वर्ष डेनमार्क में कॉरपोरेट सेक्टर में बिताए और फिर भारत लौट आईं। वह चेवनिंग फेलो हैं और उन्हें सरकार का ‘वीमेन ट्रांसफॉर्मिंग इंडिया’ पुरस्कार भी मिल चुका है। उनकी उपलब्धियां यहीं खत्म नहीं होतीं—गीतांजलि कराटे में ब्लैक बेल्ट होने के साथ-साथ ओडिसी और रशियन बैले डांसर भी हैं, जबकि लिंक्डइन पर वह खुद को वेदांत और गीता की शिक्षिका बताती हैं।
इमरजेंसी के दौरान भी आई थीं चर्चा में
गीतांजलि पहली बार सुर्खियों में नहीं आई हैं। पिछले साल जब लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग पर हुए आंदोलन के दौरान सोनम वांगचुक को एनएसए के तहत हिरासत में ले लिया गया था, तब गीतांजलि ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी और राष्ट्रपति को भी पत्र लिखा था। करीब 170 दिनों बाद जब वांगचुक की रिहाई हुई, तो उन्होंने भावुक होकर लिखा था कि पिछले पांच महीनों से सिर्फ 60 मिनट की मुलाकात के लिए हर हफ्ते दो बार आने-जाने का संघर्ष खत्म हुआ।
सोनम वांगचुक की दूसरी शादी
बता दें कि सोनम वांगचुक की यह दूसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी अमेरिकी नागरिक रेबेका नॉर्मन थीं, जबकि गीतांजलि से उनकी मुलाकात एक शिक्षा सम्मेलन के दौरान हुई थी।









