सपा सांसद ने राजभर और संजय निषाद को दिया पार्टी में विलय का खुला ऑफर, बोले- कैबिनेट मंत्री बनाएंगे

रॉबर्ट्सगंज/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में सहयोगी दलों को लेकर जारी खींचतान के बीच समाजवादी पार्टी के सांसद छोटेलाल खरवार ने एक बड़ा बयान देकर नई बहस छेड़ दी है। रॉबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र से सपा सांसद खरवार ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद को अपनी-अपनी पार्टियों का समाजवादी पार्टी में विलय करने का सीधा प्रस्ताव दे डाला है।

इंटरनेट मीडिया पर वायरल अपने बयान में सांसद ने कहा कि यदि ओम प्रकाश राजभर और संजय निषाद समाजवादी पार्टी में आते हैं तो पार्टी न केवल उन्हें चुनाव लड़वाकर जिताएगी, बल्कि सत्ता में आने पर कैबिनेट मंत्री का पद भी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने इस दौरान भाजपा में मौजूद पीडीए वर्ग के अन्य नेताओं से भी समाजवादी पार्टी का दामन थामने की खुली अपील की।

खरवार ने आरोप लगाया कि भाजपा में सहयोगी दलों और पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग से आने वाले नेताओं को अपेक्षित मान-सम्मान और सुविधाएँ नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि राजभर और निषाद अपने-अपने समाज के प्रभावशाली चेहरे हैं और समाजवादी पार्टी में उन्हें अपनी बात रखने की पूर्ण स्वतंत्रता होगी। सांसद के इस प्रस्ताव को विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए गठबंधन में सेंध लगाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button