Sports News : ये क्या हो गया…? व्हीलचेयर पर नजर आए भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा !

भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा की हालिया तस्वीरों और वीडियो ने फैंस की चिंता बढ़ा दी है। नीरज टखने में लिगामेंट फटने की चोट के कारण 2026 के बाकी सीजन से बाहर हो गए हैं। इस चोट की वजह से वह एशियन गेम्स और डायमंड लीग फाइनल में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

नीरज को व्हीलचेयर और बैसाखी के सहारे चलते हुए देखा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें लुसाने डायमंड लीग के बाद अभ्यास के दौरान टखने में चोट लगी थी। इसके बाद डॉक्टरों और अपनी टीम से सलाह लेने के बाद उन्होंने पूरे सीजन से आराम करने का फैसला किया।

लुसाने में 88.05 मीटर का थ्रो, फिर लगी चोट

नीरज चोपड़ा ने हाल ही में लुसाने डायमंड लीग में 88.05 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया था। यह 2026 सीजन में उनका तीसरा प्रतिस्पर्धी मुकाबला था और उनके प्रदर्शन से लग रहा था कि वह धीरे-धीरे अपनी पुरानी लय हासिल कर रहे हैं।

इससे पहले उन्होंने ग्लासगो में कॉमनवेल्थ गेम्स में 85.83 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता था। वहीं जून में दोहा डायमंड लीग से उन्होंने लंबे इंजरी ब्रेक के बाद प्रतिस्पर्धी वापसी की थी।

एशियन गेम्स में नहीं दिखेंगे नीरज

नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स के पिछले दो संस्करणों में जैवलिन थ्रो का गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी भारत के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। वह आगामी एशियन गेम्स में भारत की प्रमुख पदक उम्मीदों में शामिल थे।

टखने की चोट के कारण अब वह ब्रुसेल्स में होने वाले डायमंड लीग फाइनल में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। नीरज ने क्वालीफिकेशन हासिल कर लिया था, लेकिन चोट के कारण उनका सीजन समय से पहले खत्म हो गया।

नीरज ने कहा- अब पूरी तरह रिकवरी पर फोकस

अपनी चोट को लेकर नीरज चोपड़ा ने भावुक बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि लुसाने में सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के बाद उन्हें लग रहा था कि वह अपनी लय वापस हासिल कर रहे हैं, लेकिन इसके कुछ समय बाद ट्रेनिंग के दौरान टखने में लिगामेंट की चोट लग गई।

नीरज ने कहा कि यह उनके लिए निराशाजनक है, खासकर इसलिए क्योंकि उन्हें लग रहा था कि वह अपनी लय के करीब पहुंच रहे थे। अब उनका पूरा ध्यान अच्छी तरह रिकवरी करने और पहले से ज्यादा मजबूत वापसी करने पर है।

पिछले एक साल से चोटों से जूझ रहे हैं नीरज

नीरज के लिए पिछला करीब एक साल चोटों से संघर्ष भरा रहा है। 2025 में पीठ की समस्या के बावजूद उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था, जहां वह आठवें स्थान पर रहे। इसके बाद उन्हें करीब नौ महीने तक प्रतिस्पर्धी मुकाबलों से दूर रहना पड़ा।

अब टखने की चोट ने एक बार फिर उनकी वापसी की राह रोक दी है। नीरज के लिए फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता पूरी तरह फिट होकर मजबूत वापसी करना है।

Related Articles

Back to top button