सुल्तानपुर को 819 करोड़ की सौगात, सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- ‘सपा गिरगिट की तरह बदल रही है रंग’

Sultanpur : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सुल्तानपुर दौरे के दौरान जिले को 819 करोड़ रुपये की लागत वाली 99 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश की अर्थव्यवस्था का ‘ग्रोथ इंजन’ बन गया है।

विकास और सुरक्षा का संकल्प
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति बदहाल थी, जहां किसान परेशान थे और त्योहारों से पहले दंगे हो जाते थे। उन्होंने कहा, “सुरक्षा का बेहतर माहौल है, तभी आज प्रदेश में निवेश आ रहा है।” सीएम ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार ने पारदर्शी तरीके से 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है, जिससे अब प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का कोई संकट नहीं है।

विपक्ष पर जमकर बरसे सीएम
विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारें केवल गुंडों को पालने का काम करती थीं और विकास कार्य ठप पड़े थे। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, “यूपी को इन्होंने ‘बीमारू राज्य’ बना दिया था। सपा गिरगिट की तरह रंग बदल रही है, जो कल तक रामद्रोही थे, वे आज राम भक्त होने का नाटक कर रहे हैं।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता का ‘दोहरा आचरण’ अब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पीएम मोदी के विजन का असर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना अब धरातल पर साकार हो रही है। उन्होंने अयोध्या फोरलेन का उल्लेख करते हुए बताया कि बेहतर कनेक्टिविटी और सुरक्षा के चलते ही आज यूपी विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है। अंत में सीएम ने जनता से आह्वान किया कि अच्छे प्रतिनिधि ही अच्छी सरकार चुनते हैं, इसलिए प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए सही चुनाव जरूरी है।

Related Articles

Back to top button