धामी सरकार की त्वरित कार्रवाई… नंदा की चौकी में मात्र 12 घंटे के भीतर बहाल हुआ पुल का आवागमन… पढ़े पूरी खब़र…

देहरादून के नंदा की चौकी में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड को मात्र 12 घंटे में ठीक कर लिया गया है। सीएम धामी के निर्देश पर लापरवाहों पर जांच बैठाई गई है।

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से प्रशासनिक मुस्तैदी और त्वरित कार्यशैली का एक बेहतरीन उदाहरण सामने आया है। भारी वर्षा के कारण मंगलवार सुबह क्षतिग्रस्त हुई नंदा की चौकी स्थित पुल की एप्रोच रोड को रिकॉर्ड समय में ठीक कर लिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कड़े और स्पष्ट निर्देशों के बाद युद्धस्तर पर चलाए गए अभियान के चलते मात्र 12 घंटे के भीतर इस मार्ग पर यातायात को सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 6:30 बजे भारी बारिश के चलते नंदा की चौकी के पास पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर काम शुरू करने को कहा। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD), जिला प्रशासन और अन्य एजेंसियों ने मिलकर तेजी से काम किया और महज 12 घंटे के भीतर रास्ता चालू कर दिया। मार्ग खुलते ही एक एम्बुलेंस भी बिना किसी बाधा के मरीज को लेकर अस्पताल पहुंच सकी।

लापरवाही बरतने वालों से मांगा गया स्पष्टीकरण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दो टूक कहा है कि आपदा और जनसुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में मानकों के उल्लंघन या लापरवाही की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने सरकार की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए सीएम धामी का आभार जताया है।

Related Articles

Back to top button