“शिक्षा मंत्री दें इस्तीफा और पीड़ितों को मिले 1 करोड़ का मुआवजा”… CJP ने सरकार के सामने रखी 5 सूत्रीय मांगें… जानें क्या दी चेतावनी…

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच CJP ने सरकार के सामने 5 सूत्रीय मांगें रखी हैं। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और 1 करोड़ मुआवजे की मांग के साथ आंदोलन देशव्यापी बनाने की चेतावनी दी गई है।

नई दिल्ली: नीट परीक्षा और पेपर लीक के मामलों को लेकर राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होते जा रहे हैं। जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने सरकार के सामने अपनी 5 सूत्रीय मांगें रखते हुए कड़ा जवाब मांगा है। CJP ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही इन मांगों को स्वीकार नहीं किया, तो इस आंदोलन को पूरे देश में और अधिक व्यापक स्तर पर फैलाया जाएगा।

संगठन की मुख्य मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग सबसे ऊपर है। इसके अलावा, CJP ने नीट पेपर लीक से प्रभावित पीड़ित छात्रों और उनके परिवारों के लिए 1-1 करोड़ रुपये के मुआवजे, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई न करने और पुलिस-RAF द्वारा कथित लाठीचार्ज व मारपीट के लिए सार्वजनिक माफी की मांग की है। संगठन का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाना बेहद जरूरी है।

इस बीच, सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत को लेकर गतिरोध बना हुआ है। सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्रियों के स्तर पर बातचीत के प्रस्ताव दिए जा रहे हैं, जबकि CJP और छात्र संगठन किसी तटस्थ स्थान पर चर्चा की जिद पर अड़े हैं। राजनीतिक हलचल के बीच जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और बड़ा रूप ले सकता है।

Related Articles

Back to top button