
नई दिल्ली। फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में दुनिया भर के शीर्ष नेताओं ने शिरकत की और कई अहम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। हालाँकि, इस दौरान सबसे अधिक सुर्खियाँ इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई मुलाकात ने बटोरीं, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है।
सम्मेलन के दौरान जब सभी नेता सामूहिक तस्वीर खिंचवाने के लिए एकत्र हुए, तो मेलोनी और पीएम मोदी एक-दूसरे का अभिवादन करते हुए दिखाई दिए। दोनों के बीच की बातचीत संक्षिप्त थी, लेकिन उनका अंदाज़ पूरी तरह पुराना और आत्मीयता से भरा था। मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा, “आपसे दोबारा मिलकर बहुत अच्छा लगा।” इसके ठीक बाद उन्होंने चुटकी लेते हुए मज़ाकिया लहज़े में कहा, “हम इंस्टाग्राम पर सबसे मशहूर कपल हैं।” बताया जा रहा है कि पीएम मोदी के मन में ‘मेलोडी’ की लोकप्रियता का ख्याल था और उन्होंने इंस्टाग्राम पर उनकी लोकप्रियता का ज़िक्र किया, जिस पर मेलोनी ने तुरंत मज़ाकिया अंदाज़ में जवाब दिया, “जी हाँ, हम इंस्टाग्राम पर सबसे मशहूर हैं।”
2023 में COP28 समिट की एक सेल्फी से शुरू हुआ था ‘मेलोडी’ ट्रेंड
दरअसल, इंटरनेट पर एक मज़ाकिया चुटकुले के रूप में शुरू हुआ ‘मेलोडी’ नाम अब सोशल मीडिया पर एक सनसनी और जाना-पहचाना ऑनलाइन ब्रांड बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी और मेलोनी के उपनामों को मिलाकर बना यह नाम पिछले तीन वर्षों में खूब चर्चा में रहा है। इस ट्रेंड की शुरुआत वर्ष 2023 में दुबई में आयोजित COP28 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी, जब मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक सेल्फी पोस्ट करते हुए कैप्शन लिखा था- ‘COP28 में अच्छे दोस्त #Melody’। यह हैशटैग देखते ही देखते वैश्विक इंटरनेट ट्रेंड बन गया था।
जब पीएम मोदी ने मेलोनी को गिफ्ट की ‘मेलोडी’ टॉफी
दुनिया भर में चर्चा में रहने वाले ‘मेलोडी’ हैशटैग को देखते हुए पीएम मोदी ने अपनी रोम यात्रा के दौरान मेलोनी को मेलोडी टॉफी का एक पैकेट गिफ्ट किया था। इस गिफ्ट को लेकर मेलोनी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने हँसते हुए कहा, “प्रधानमंत्री मोदी हमारे लिए एक गिफ्ट लाए हैं। बहुत ही स्वादिष्ट टॉफी।” इस वीडियो ने इंटरनेट पर धूम मचा दी थी और ऑनलाइन पोस्ट होने के महज़ छह घंटे के भीतर ही इसे 100 मिलियन से अधिक बार देखा गया था। फिलहाल इस वीडियो को 13 मिलियन से अधिक लाइक मिल चुके हैं।









